Share this
कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न
( युगाधार समाचार )
सीतापुर -जिलाधिकारी अनुज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न हुयी। बैठक के दौरान आगामी त्यौहारों को शान्तिपूर्ण ढंग से आपसी सौहार्द के साथ मनाये जाने की अपील सभी से करते हुये जिलाधिकारी ने कहा कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 के दृष्टिगत आदर्श आचार संहिता प्रभावी है, अतः सभी इसका अनुपालन सुनिश्चित करें। आगामी त्यौहारों को सकुशल मनाये जाने की अपील करते हुये जिलाधिकारी ने कहा कि विवाद रहित स्थानों पर ही होलिका दहन हो, यह सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि सभी लोग आपस में मिल जुलकर त्यौहार मनायें।
उन्होंने सभी को आश्वस्त करते हुये कहा कि प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायेंगी। जिलधिकारी ने कहा कि यदि कोई समस्या हो तो तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत करायें। जिलाधिकारी ने कहा कि गड़बड़ी फैलाने का प्रयास करने वालों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के स्पष्ट दिशा निर्देश हैं कि धार्मिक आयोजनों एवं धार्मिक स्थलों का प्रयोग चुनाव के लिये बिल्कुल भी न किया जाये। इसका भी सभी कड़ाई से पालन करें।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने पुलिस विभाग की व्यवस्थाओं के विषय में जानकारी दी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी नीतीश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी प्रकाश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी डा0 प्रवीन रंजन सिंह सहित संबंधित अधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों से आये धर्मगुरू एवं सम्भ्रान्त नागरिकगण उपस्थित रहे।












Leave a Reply