Share this
सीतापुर में निर्माणाधीन 50 शैय्या युक्त अस्पताल का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
👉गुणवत्ता और मानकों के अनुसार निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।
👉जनपदवासियों को शीघ्र मिलेगी आधुनिक चिकित्सा सुविधा।
(युगाधार समाचार)
सीतापुर-मुख्यालय स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के निकट निर्माणाधीन 50 शैय्या युक्त आधुनिक अस्पताल के कार्य की प्रगति का निरीक्षण बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी अभिषेक आनंद द्वारा किया गया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, संरचना की योजना (लेआउट) तथा निर्माण सामग्री के उपयोग की बारीकी से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य पूर्ण रूप से मानकों के अनुरूप एवं उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल के निर्माण से जिले के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही सर्वसुविधायुक्त चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी, जिससे गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए निजी अस्पतालों या महानगरों की ओर निर्भरता कम होगी।
निर्माणाधीन अस्पताल में 50 बिस्तरों की सुविधा के साथ-साथ आधुनिक आई0सी0यू0, ऑक्सीजन आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, एवं सुव्यवस्थित पार्किंग और इंटरलॉकिंग मार्ग जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिलाधिकारी ने कार्य की नियमित निगरानी करने एवं तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यह अस्पताल न केवल जनपदवासियों को राहत देगा, बल्कि जिला अस्पताल पर लगातार बढ़ रहे दबाव को भी कम करेगा। यह परियोजना जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को एक नई ऊंचाई प्रदान करने में सहायक होगी।
निरीक्षण के अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर अभिनव कुमार यादव, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply