Share this
बिजली विभाग की लापरवाही कही साबित न हो जाय जानलेवा चार दिन से खंभे में दौड़ रहा करंट
(युगाधार समाचार)
खैराबाद-सीतापुर कस्बे के बीचो बीच पुरानी बाजार में कटरा स्कूल के सामने लगे एक बिजली के खंभे में बीते चार दिनों से लगातार करंट दौड़ रहा है, लेकिन बिजली विभाग की कान में जूं तक नहीं रेंग रही है। मुख्य मार्ग पर मौजूद इस खंभे के पास से रोज़ाना सैकड़ों लोग गुजरते हैं, स्कूल के मासूम बच्चे, बाजार के ग्राहक और दुकानदार हर कोई अनजाने खतरे की चपेट में है, लेकिन विभाग गहरी नींद में सोया हुआ है।
स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार, मोहम्मद अकरम, रोशन लाल, संदीप, शाहिद और मोहित ने बताया कि इस गंभीर समस्या की सूचना जेई खैराबाद को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि विभाग मौत के बाद ही जागेगा?
स्कूल के सामने और व्यस्त बाजार मार्ग पर करंटयुक्त खंभा होना किसी खुली जानलेवा साजिश से कम नहीं। ये वही इलाका है जहाँ पिछले वर्ष सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के दरवाजे पर करंट उतरने से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, लेकिन लगता है बिजली विभाग ने उस हादसे से भी कोई सबक नहीं लिया।
आसपास के दुकानदारों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है। सभी का कहना है कि यदि समय रहते खंभे से करंट नहीं हटाया गया और कोई हादसा हुआ, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और संबंधित अधिकारी की होगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग है कि तुरंत प्रभाव से इस खतरे को दूर किया जाए, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो इसके लिए ठोस व्यवस्था की जाए।












Leave a Reply