Share this
कुशीनगर. कुशीनगर में चल रहे ऑपरेशन मजनू में एक गुरु जी भी फंस गए. कोचिंग चलाने वाले गुरु जी अपनी छात्राओं को छूकर उन्हें आशीर्वाद देते थे, लेकिन छात्राएं इसे बरदाश्त कर लेती थीं. जब कुशीनगर एसपी ने कॉलेज में जाकर छात्राओं का हौंसला बढ़ाया तो उन्होंने गुरु जी की हरकत के बारे में बताया. फिर क्या था पुलिस ने तत्काल गुरु जी को हिरासत में लिया तो कान पकड़कर माफी भी मांगने लगे. गुरु जी ने सभी को अपनी बहन बेटी मानने की कसम भी खाने लगे.
दरअसल, कुशीनगर पुलिस ने जिले में स्कूल कॉलेज के आसपास मंडराने वाले और महिलाओं और छात्राओं से छेड़खानी और अश्लील टिप्पणी करने वालों के खिलाफ ऑपरेशन मजनू शुरू किया है. इस अभियान में अब तक लगभग 300 से अधिक लोग हिरासत में लिए गए हैं. पुलिस ने सभी लोगों को गिरफ्तार करने के बाद उनसे और उनके परिजनों से माफी मंगवाने के बाद रिहा किया. इस अभियान के कारण पहले छेड़छाड़ और अश्लील टिप्पणी को नजरअंदाज करने वाली छात्राएं अब मुखर होकर अपनी शिकायत दर्ज करा रहीं हैं. जिसके बाद शोहदों पर कार्रवाई हो रही है.
छात्राओं की शिकायत पर पुलिस का एक्शन
कुशीनगर एसपी संतोष कुमार मिश्र कॉलेज में जाकर छात्राओं संवाद कायम करते हैं और छात्राओं को बिना डर और संकोच के आगे आकर अपनी बात कहने को प्रेरित कर रहे हैं. इसके बाद अब छात्राएं मुखर होकर अपने साथ होने वाली घटनाओं की शिकायत कर रहीं हैं. कुशीनगर के बुद्ध इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा ने हेतिमपुर में कोचिंग चलाने वाले शिक्षक की शिकायत की. छात्रा ने बताया कि गुरु जी रोज आशीर्वाद देने के बहाने उन्हें बैड टच करते हैं. शिकायत करने के बाद हरकत में आई पुलिस ने कोचिंग चलाने वाले गुरु जी को गिरफ्तार किया तो उनके होश उड़ गए. गुरु जी हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे और सभी लड़कियों को अपनी बहन मनाने की बात करने लगे.
फिलहाल तो गुरु जी को पुलिस ने सख्त हिदायत देकर छोड़ तो दिया है, लेकिन इस घटना ने गुरु शिष्य परंपरा पर गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है. पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने बताया छात्राओं की शिकायत पर छह लोग हिरासत में लिए गए हैं जिन्हें सख्त हिदायत दी जा रही है. एसपी ने कहा कि कुशीनगर में महिलाओं और लड़कियों को छेड़ने या उनपर अश्लील कमेंट करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.












Leave a Reply