Share this
जनपद के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का होगा कायाकल्प, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं एवं समुचित उपचार होगा उपलब्ध-जिलाधिकारी
(युगाधार समाचार)
सीतापुर-जिलाधिकारी राजागणपति आर0 की पहल पर जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों की अवस्थापना सुविधाओं में सुधार के लिये व्यापक स्तर पर कार्यवाही की जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि इसके लिये सभी संबंधित विकास खण्डों के अवर अभियन्ताओं के माध्यम से सर्वेक्षण कराकर प्रांकलन भी कराया गया है तथा प्राप्त प्रांकलन के आधार पर टेण्डर कराते हुये अग्रिम कार्यवाही की जायेगी। नगरीय क्षेत्रों में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का संबंधित नगर निकाय के माध्यम से टेण्डर कराते हुये अग्रिम कार्यवाही की जायेगी। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में सुधार हेतु संबंधित खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि इन सुधार कार्यों में भवन की मरम्मत, रंगाई-पुताई, शौचालयों का दुरूस्तीकरण, परिसर एवं बाउन्ड्रीवाल का कार्य, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था आदि के कार्य कराये जायेंगे। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार परिसर में इंटरलाकिंग एवं भवन में टायलीकरण के कार्य भी कराये जायेंगे।
इन कार्यों को कराने से चिकित्सालयों में आने वाले मरीजों को सुविधा होगी। चिकित्सालयों एवं उनके परिसर की सफाई व्यवस्था भी बेहतर होगी तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं भी मिल सकेंगी। आवश्यक मूलभूत सुविधाएं भी बेहतर होंगी, जिससे भर्ती मरीजों एवं उनके साथ रहने वाले तीमारदारों को भी सुविधा होगी। संस्थागत प्रसव हेतु अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी एवं वह संस्थागत प्रसव हेतु अधिक प्रेरित होंगी।












Leave a Reply