मुख्य विकास अधिकारी ने किया हरगांव विकास खंड में औचक निरीक्षण किया बड़ी कार्यवाही

Share this

मुख्य विकास अधिकारी ने किया हरगांव विकास खंड में औचक निरीक्षण किया बड़ी कार्यवाही

(युगाधार समाचार)

सीतापुर- ​मुख्य विकास अधिकारी ने आज हरगांव विकास खंड में औचक छापेमारी कर प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा दिया। विकास खंड कार्यालय पहुँचते ही उन्होंने फाइलों का पुलिंदा खोल दिया, जहाँ अव्यवस्थाओं का अंबार देख उनका पारा चढ़ गया। साल 2016 से अब तक प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की सूची और पंजीकरण फाइलें न मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जाहिर की।

सीडीओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अभिलेखों का सत्यापन कर जल्द ऑडिट कराया जाए ताकि पात्रों को हक मिल सके, साथ ही इस बड़ी लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का चाबुक भी चला दिया।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्र पंचायत के कार्यों में जियो टैगिंग वाली तस्वीरों का गायब होना और इंटरलॉकिंग सड़क व नाली निर्माण की फाइलों में भारी खामियां पाई गईं। दफ्तर की कार्यप्रणाली इस कदर सुस्त निकली कि सीडीओ ने संतोषजनक काम न करने वाले लेखाकार और कंप्यूटर ऑपरेटर की सेवा तत्काल समाप्त करने का कड़ा फैसला सुनाया। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि दफ्तर में केवल वही टिकेगा जो ईमानदारी और पारदर्शिता से अपनी जिम्मेदारी निभाएगा।

यह भी पढ़ें :  मिलेटस गोष्ठी एवं मिलेटस रेसिपी विकास कार्यक्रम का किया गया आयोजन

विकास की हकीकत जानने के लिए अधिकारी फत्तेपुर मातिनपुर में निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवन पहुंचे। वहां निर्माण सामग्री की घटिया गुणवत्ता देख उन्होंने तत्काल ग्राम पंचायत सचिव और तकनीकी सहायक पर गाज गिराने के निर्देश दिए। खंड विकास अधिकारी को सख्त हिदायत दी गई कि मानकों से कोई समझौता नहीं होगा और गुणवत्तापूर्ण सामग्री के साथ काम जल्द पूरा किया जाए। इसके बाद बरियाडीह स्थित अस्थायी गौ-आश्रय स्थल का जायजा लिया गया, जहां चारे और सफाई की स्थिति तो ठीक मिली, लेकिन बंद मिले आरसीसी सेंटर ने सीडीओ को फिर नाराज कर दिया।

उन्होंने बीमार गोवंशों के बेहतर इलाज और कमजोर पशुओं के लिए अतिरिक्त पोषण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही भूसा स्टोर निर्माण के निर्देश दिए। सीडीओ ने साफ कर दिया कि शासन की योजनाओं में भ्रष्टाचार या सुस्ती बर्दाश्त नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *