Share this
जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी परसेण्डी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं बड़ी कार्यवाही के संकेत
(युगाधार समाचार)
सीतापुर-जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 ने कार्यालय खण्ड विकास अधिकारी परसेण्डी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी कक्ष देखा। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे में कमियां पाये जाने पर दूरभाष के माध्यम से वार्ता करते हुये समाज कल्याण अधिकारी को कड़ी फटकार लगायी। स्थापना पटल पहुंचकर जिलाधिकारी ने ग्राम विकास अधिकारी की सेवापुस्तिका में मानव सम्पदा पोर्टल, अर्जित अवकाश का गहनतापूर्वक अवलोकन करते हुये वेतन वृद्धि की जानकारी ली। जनसुनवाई रजिस्टर का अवलोकन करते हुये शिकायतकर्ता से दूरभाष के माध्यम से वार्ता करते हुये फीडबैक प्राप्त किया। लेखाकार पटल पहुंचकर जिलाधिकारी ने निर्माण पत्रावलियों एवं निर्माणाधीन कार्यों का अवलोकन किया। निर्माण पत्रावलियों में फोटोग्राफ न होने पर एवं अन्य त्रुटियां मिलने पर लेखा लिपिक एवं खण्ड विकास अधिकारी रजनीश कुमार शुक्ला को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश संबंधित को दिये। ग्रांट-3 रजिस्टर का अवलोकन करते हुये अन्य पत्रावलियों में कमियां पाये जाने पर लघु सिंचाई के जे0ई0 पर अनुशासनिक कार्यवाही करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिये।
एन0आर0एल0एम0 पटल देखते हुये स्वयं सहायता समूह एवं बजट की स्थिति एवं स्वयं सहायता समूह के मानदेय की स्थिति की भी जानकारी ली। स्वयं सहायता समूह की महिला से जिलाधिकारी ने दूरभाष के माध्यम से उनके द्वारा किये जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की। मनरेगा पटल पहुंचकर भुगतान रजिस्टर एवं विभिन्न पत्रावलियों को गहनतापूर्वक अवलोकन किया तथा रजिस्टर अद्यतन न होने पर खण्ड विकास अधिकारी पर नाराजगी व्यक्त की। रैण्डम 1 लाख 23 हजार की पत्रावलियों का अवलोकन करते हुये निर्माण कार्यों की फोटोग्राफ न मिलने एवं अन्य कमियों के दृष्टिगत ए0पी0ओ0 रामशंकर को नोटिस जारी करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिये। सहायक विकास अधिकारी कक्ष पहुंचकर मास्टर रजिस्टर का अवलोकन करते हुये रजिस्टर में कमियां मिलने पर एवं महत्वपूर्ण निर्माण पत्रावलियां कार्यालय में न मिलने पर ए0डी0ओ0 पंचायत का वेतन रोकने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिये। मौके पर पंचायत भवन में चल कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। सी0डी0पी0ओ0 कक्ष पहुंचकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की संख्या एवं पुष्टाहार वितरण संबंधी जानकारी जिलाधिकारी ने ली। पुष्टाहार स्टोर में स्टोर किये गये पुष्टाहार रजिस्टर में सत्यापन न पाये जाने पर कनिष्ठ सहायक, सी0डी0पी0ओ0 पर अनुशासनिक कार्यवाही करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिये। जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी एवं नायब तहसीलदार को निर्देश दिये कि पुष्टाहार की बोरियों की गिनती करते हुये रिपोर्ट जल्द से जल्द मेरे समक्ष प्रस्तुत करें।












Leave a Reply