जिलाधिकारी ने किया विभिन्न परीक्षा केन्द्रों एवं संबंधित व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण

Share this

जिलाधिकारी ने किया विभिन्न परीक्षा केन्द्रों एवं संबंधित व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण

(युगाधार समाचार)

सीतापुर-माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षाओं को शुचितापूर्ण, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु जिलाधिकारी डॉ0 राजागणपति आर0 द्वारा आज विभिन्न परीक्षा केन्द्रों एवं संबंधित व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी सर्वप्रथम राजकीय इण्टर कालेज, सीतापुर पहुँचे, जहाँ उन्होंने परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं, सी0सी0टी0वी0 कैमरों की कार्यशीलता, वॉयस रिकॉर्डिंग व्यवस्था, शौचालयों की स्वच्छता तथा परीक्षार्थियों हेतु उपलब्ध कराए जा रहे शुद्ध पेयजल की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी व्यवस्थाएँ मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएँ।
इसके उपरान्त जिलाधिकारी ने राजारघुबर दयाल इण्टर कालेज, सीतापुर का निरीक्षण किया। यहाँ भी उन्होंने परीक्षा कक्षों की निगरानी व्यवस्था, सुरक्षा प्रबन्ध, परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था तथा केन्द्र पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में स्थापित कन्ट्रोल रूम का भी अवलोकन किया, जहाँ से जनपद के समस्त परीक्षा केन्द्रों की सतत निगरानी की जा रही है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशानुरूप जनपद में बोर्ड परीक्षाएँ पूर्णतः नकलविहीन एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराई जाएँगी। इसके लिए प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग के बीच समन्वय बनाकर सतत निगरानी रखी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेन्द्र सिंह सहित संबंधित प्रशासनिक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  जानीपुर में ड्रेन खुदाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बीडीओ को दिया शिकायती पत्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *